Friday, 16 June 2023

स्त्री के प्रश्न : आकृति

 स्त्री के प्रश्न...

---------


मानव निर्मित संस्था ही तो है विवाह 

जिसे बनाया गया था 

समाज की व्यवस्था के लिए 

नियम-उपनियमों के साथ,

रहा होगा शायद कभी 

कोई खुलापन और लचीलापन...


कालांतर में तो 

ले लिया था सामाजिक रूढ़ियों-रीति रिवाजों ने 

भावना, विवेक और मानवीय पहलुओं का स्थान 

बदल दिया था 

पुरुष प्रधान समाज ने विवाह की रूल बुक को 

समाज और ख़ासकर पुरुषों के हाथ 

स्त्री को कठपुतली बना देने के लिए...


जोड़ियाँ बना करती है स्वर्ग में 

बनाता है जोड़े ऊपर वाला 

मिलता है जिसके भाग्य में जो होता है बदा

अटूट बंधन है शादी, निभाना होता है जिसे आजीवन

घोषित कर दिया गया किसी किसी ने तो इसे 

बंधन सात जन्म का भी,

पुरुष को मिले  स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के अधिकार ने 

उसके लिए किंतु खुली रखी सब राहें...


आया है स्त्री के हिस्से

केवल शोषित होना, पिसना, घुटना, परास्त हो जाना 

ज़िंदा लाश बन कर मरते मरते 

थोपे हुए बंधनों  को निभाना

झूठे पैमानों को सच्चा साबित करने 

विवाह की बलिवेदी पर बलिदान होने के नाम 

कट कर बेमौत मर जाना...


प्रेमविहीन विवाह में घुट रही स्त्री के 

प्रश्नों के उत्तर देने की बजाय 

पाया जाता है उसे काढ़ा उपदेशों का

डाल कर पाँवों में बेड़ियाँ 

हाथों में हथकड़ियाँ 

मुँह पर ताला,

बांध कर उसको अनगिनत अदृश्य रस्सियों से ...


पूछती है स्त्री चीख चीख कर

क्या मुझे मन और तन की नैसर्गिक माँगों का हक़ नहीं 

पत्नी और माँ के दोहरे जीवन की खींच-तान में 

अपने लिए भी खोज कर कुछ सुकून पा लेने का अधिकार नहीं 

क्यों निभाऊं उस बेमेल समझौते को 

जिसमें मेरी सहमति की कभी जगह नहीं रही...


जी करता है काट लूँ उन सब उँगलियों को 

उठती है जो मेरी ओर,नैतिकता के शोर के साथ 

जो 'धाये' हैं वो कैसे समझ सकेंगे 

दर्द भूख और प्यास का 

रहस्य देह और आत्मा की अपेक्षाओं का

सच धड़कती साँसो की उपेक्षाओं का...


ठीक ही तो कहा है किसी ने 

तन की हाविस मन को गुनाहगार बना देती है 

बागों की बहारों को भी बीमार बना देती है 

ऐ भूखे प्यासों को नैतिकता और खोखला धर्म सीखाने  वालों 

भूख और प्यास इंसान को ग़द्दार बना देती है...


आकृति सिंह भाटी


(तराशने के लिए विनोद सिंह सर का आभार🙏)

विवाह कुछ बातें : विजया

 विवाह : कुछ बातें 

++++++++++


जब आप शादीशुदा होते हैं तो आप हमेशा यही सोचते हैं कि आपका रिश्ता कभी भी खत्म नहीं हो सकता. आप मानने लग जाते हैं कि चाहे जितनी भी कठिनाइयों का सामना करना पड़े हम एक जोड़े के रूप में उस से पार पा लेंगे. यह जज़्बा अच्छा है  लेकिन देखा गया है कि ऐसा सोचने के बावजूद भी आपस में आई कुछ दरारें ऐसी होती हैं जो गहरी और गहरी होती जाती हैं, तब भी जब हमें लगता है कि सब कुछ ठीक है. इसका एक बहुत बड़ा कारण है कि हम ईमानदार कोशिश तक नहीं करते जो कि हमारा पहला फ़र्ज़ है. इस राइट अप में मैं अपने अनुभव और ऑब्सर्वेशंस को शेयर कर रही हूँ. 


ज्यादातर शादियां जो अंत में बेकार और मृत हो जाती हैं, आमतौर पर छोटे मुद्दों का शिकार होती हैं जिन्हें जोड़े द्वारा नजरअंदाज कर दिया जाता है और समय पर हल नहीं किया जाता है. जैसा कि कहा जाता है, "जब आप एक दरार को ठीक नहीं करते हैं, तो आप एक दीवार का निर्माण करेंगे." 

कुछ मसले छोटी-छोटी दरारों की तरह हो जाते हैं जो धीरे-धीरे रिश्तों को नीचे ले आते हैं.ये दरारें गहरी खाई में बदल जाती हैं जो शायद कभी भी पाटी नहीं जा सकतीं, जिससे कई विवाह टूट जाते हैं. आमतौर पर कपल्स को पता होता है कि उनकी शादी पर कब आँधी तूफ़ान और बारिश होने लगी थी.जब वे अपने कभी के खूबसूरत रिश्ते के खंडहरों को देखते हैं, तो वे जानते हैं कि वे क्या कर सकते थे लेकिन उन्होंने किया नहीं.🥲


नीचे कुछ ऐसे मुद्दे दिए गए हैं जिन्हें अगर समय रहते ठीक नहीं किया जाय तो हमारे आपसी रिश्ते खत्म हो जाएंगे :


अधूरी उम्मीदें

**********

शादी करना इस बात की गारंटी नहीं है कि आपकी शीर्ष उम्मीदें पूरी होंगी. जब लोगों को वह नहीं मिलता है जो उन्होंने सोचा था कि शादी और उनके जीवनसाथी से उन्हें मिलेगा, तो वे निराश हो जाते हैं और अगर उनका इन कल्पित अपेक्षाओं से मोहभंग नहीं होता है, तो यह एक दरार की शुरुआत बन जाता है.


अतिपरिचय के दोष 

***************

जब लोग किसी रिश्ते में नए होते हैं, तो वे एक-दूसरे को खुश करने की पूरी कोशिश करते हैं. थोड़ा समय साथ गुज़ारने के बाद अतिपरिचय जैसी स्थिति आ जाती है जिसमें पात्र एक दूसरे को लगातार taken for granted लेना शुरू कर देते हैं. सोचने/करने लगते हैं कि जीवनसाथी के प्रति अब अच्छी अच्छी बातें अभिव्यक्त करने की ज़रूरत नहीं कुछ प्यारा प्यारा सा सुखद सा करना भी ज़रूरी नहीं..."हम फ़ॉर्मलिटी में विश्वास नहीं करते" या "हमारे बीच तो सब सहज है और अप्रयास है"  या " अब कुछ भी करने के लायक नहीं रह गया है" इत्यादि जुमलों की ओट में जो करणीय है उसे नहीं करते. सच बात तो यह है कि दूसरे के लिए सोचना ही बंद कर देते हैं.  यह रिश्ते में एक और दरार बन जाता है.


घमंड 

****

जब एक पति या पत्नी यह सोचने लगते हैं कि वे अपने जीवनसाथी के लिए बहुत अच्छे हैं जो उनके योग्य नहीं है, तो एक दरार सी उभर आती है. कुछ लोग सोचते हैं कि उनके जीवनसाथी के लिए उनसे शादी हो जाना समनेवाले का एक बहुत बड़ा सौभाग्य है. वे यह भी कल्पना करते हैं कि वे बहुत अधिक कर रहे हैं और दूसरे को उन्हें हर समय दंडवत करना चाहिए और ख़ुद को

"बचाने "और "बनाए रखने"  के लिए उनका आभार मानना चाहिए, एहसानमंद होना चाहिए...आगे पीछे फिरना चाहिए.


ख़ुदगर्ज़ी 

*******

ख़ुदगर्ज़ी शादियों के लिए बहुत बड़ा कातिल साबित होती है. एक जीवनसाथी जो एक अकेले व्यक्ति की तरह अपने ही हितों का पोषण करने का व्यवहार करना जारी रखता है और दूसरे को शामिल किए बिना निर्णय और विकल्प बनाता है, वह ख़ुद ही आपस में दरार पैदा करने में लगा रहता है.


हवस

****

शादी के बाहर संतुष्टि की तलाश. जब दरारें बढ़ने के लिए छोड़ दी जाती हैं, तो लोग घर के बाहर संतुष्टि तलाशने लगते हैं. वे दूसरों से लालसा करने लगते हैं जो उन्हें लगता है कि बेहतर साथी बन सकते हैं और उनकी यौन, भावनात्मक, भौतिक या अन्य जरूरतों को पूरा कर सकते हैं. इस मरीचिका में ना जाने कितने ही भटक कर ख़ुद को नष्ट कर देते हैं.


कठोरता/जड़ता

***********

जब एक या दोनों पति-पत्नी दूसरे से सीखने से इंकार करते हुए अपने अपने रास्ते में फंस जाते हैं, तो यह इस साझेदारी को कमजोर करता है. कुछ लोगों के लिए देखा गया है  वे विवाह में कुछ पूर्वाग्रहों से ग्रसित कोई राय बना लेते हैं जिसे  वे पूर्ण और अंतिम सत्य मानते हैं.  वे सीखने के लिए खुले नहीं होते हैं और  अपने जीवनसाथी को अपनी दृष्टि के अनुरूप बदलना चाहते हैं. वे अपने तौर तरीक़ों में अत्यंत कठोर होते हैं और इसके नतीज़तन  क्रमशः दरारें विकसित होते हुए कभी नहीं देख पाते हैं.


अप्रयाप्त कम्यूनिकेशन 

*****************

कुछ घरों में, अप्रयाप्त या खराब या नहीं के बराबर कम्यूनिकेशन सबसे स्पष्ट दरार को पैदा कर देता है जिससे दिन रात निपटना पड़ता है.  यह ऐसा है जैसे कपल्स को सच्चा और प्रामाणिक होना मुश्किल लगता है. झूठ, बदतमीज़ी और ज़बानदराज़ी दिनचर्या का क्रम बन जाता है. सही ढंग से यदि आपस में बातचीत और शेयरिंग हो तो मज़ाल है क्या कि कोई भी विपरीत बात क़ायम रह सके.


शालीनता

********

सफल विवाह ताज़िंदगी एक Work in Progress होता है..उसका Completion नहीं होता. यह दोनों के मुसलसल ईमानदार और महान प्रयासों का सबब होता है. कुछ लोग सोचते हैं कि शादी हो जाने के बाद, शादी को आगे बढ़ाने और उसे निरंतर अच्छा बनाने की कोई जरूरत नहीं होती,  रोमांस तो धीरे-धीरे मर जाता है और प्रेम  की जगह सांसारिक रूटीन ने ले लेता है. यह ग़लत एटीट्यूड दरार को लगातार बढ़ाता रहता है.


अपमान

*******

अपमान से बनी हुई दरार दूसरे दोषों की तुलना में तेजी से खाई में बदल जाती है.  सभी मनुष्य सम्मान और मान-सम्मान के लिए तरसते हैं और अगर घर में इसकी कमी होती है तो वे इसे कहीं और ढूंढ़ते हैं.


अपरिपक्वता

**********

शादी हो जाना कोई जरूरी नहीं कि वह किरदारों की परिपक्वता का प्रमाण हो. परिपक्व होने के लिए वर्ष बीता देना प्रयाप्त नहीं उसे तो दिन-रात..पल प्रतिपल होशमंदी से जीना होता है.  विवाह मानसिक दृष्टि से परिपक्व लोगों के लिए होता है क्योंकि इसमें जिम्मेदारियों के लिए एक परिपक्व दृष्टिकोण की आवश्यकता होती है...अगर बेसिक्स स्पष्ट हो तो evolve हुआ जा सकता है.


हालाँकि विस्तार से नहीं जा रही लेकिन कारणों के साथ निवारण पर भी कुछ कहना बनता है. विवाह की सफलता के सबसे बड़े सूत्र मेरे जाने सिद्धांत रूप में ये हैं :


१. पति पत्नी एक दूसरे को दोस्त समझ कर जिये. सच्ची दोस्ती में सामाजिक पद बीच में नहीं आते.

२. परफेक्ट की उम्मीद करने की जगह प्रयाप्त का सूचना चाहिए.

३. साहेब का मंत्र/सूत्र यहाँ भी काम का है :

Awareness, Clarity और Acceptance (ACA)

४. शादी एक man made institution है. परमात्मा या प्रकृति की कृपा तो हर समय चाहिए लेकिन वहीं से हमें wholesale में बुद्धि और कर्म का वरदान अग्रिम मिला हुआ है उसको ज़िम्मेदारी से हमें ही इस्तेमाल करना होता है इसे सफल बनाने के लिए.


*********************************

साहेब, आप चाहें तो मेरे इस लिखे को इनपुट के रूप में विदुषी सीरीज़ वाले आपके प्रोपोज़्ड नावेल के लिए रख सकते हैं😍

तपिश : विजया

 तपिश 

++++'

***************************

तप रहा है आसमाँ

सूख गई है ज़मीन 

सब कुछ है लुटा लुटा सा 

पड़ गई है गहरी दरारें

ना जाने पाटी जाएगी कैसे ?


ऐ आँधी !

उखाड़ दे ना गर्मी को 

चीर डाल इस तपिश को 

उड़ा दे इन चीथड़ों को 

ना जाने बदलेगा ये मौसम कैसे ?


नहीं गिर पा रहे हैं फल 

इस सघन हवा में 

किए जा रही है तपिश

आड़ुओं की नोक को कुंद और अंगूरों को गोल 

आख़िर यह सताना मिटेगा कैसे ?


ऐ आँधी !

चला दो हल बीच से इसके 

बाँट दो इसको दोनों तरफ़ रास्ते के अपने 

आ जाएगी फिर बारिश झमाझम 

होगा ख़ात्मा सब मुश्किलों का ऐसे...


Inspired by HD

चूहेदानी : विजया

 चूहेदानी

+++++

लालच और डर 

होती है दोनों में ही

असीम ताक़त,

कहने वाले तो कहते हैं 

अक्खी दुनिया चलती है 

इन दोनों के ही चलाए...


छोड़ दिया जाता है 

लटका कर 

कुछ खाने की चीज़ को 

पिंजरे के अंदर के काँटे के 

एक सिरे पर, 

अटका दिया जाता है ज़रा सा 

स्प्रिंग वाले दरवाज़े के 

लीवर को 

काँटे के उस सिरे में 

जो उभरा हुआ होता है 

पिंजरे की सुंदर छत पर...


सारे इंतज़ाम 

अंदर बाहर के 

कर दिए जाते हैं पुख़्ता,

और देख कर रोटी के टुकड़े को 

पाकर उसकी मादक ख़ुशबू को 

चला आता है 

ललचा कर चूहा

बचा कर नज़रें सब की 

रात कर अंधेरे में,,,

और घुसते ही भीतर 

हो जाता है बन्द 

दरवाज़ा पिंजरे का...


छोड़ दिया जाता है 

पौ फटते ही 

बाहर चूहे को,

और सज जाता है 

फिर से पिंजरा 

फँसाने किसी 

नए चूहे को...


(स्पष्टीकरण : चूहे और चुहिया दोनों के लिए पिंजरे के प्रोसेस में कोई फ़र्क़ नहीं, पात्र के रूप में चूहे को कविता में लिखना लिंग भेद नहीं समझा जाय कृपया)

बचन क्षत्राणी के : विजया

वचन क्षत्राणी के

+++++++++

उतारूँ आरती तेरी 

लगा दूँ तिलक मस्तक पर 

विजय पाओ तुम शत्रु पर 

कामना यह तो मैं  कर लूँ...


पीठ दिखाना ना तुम युद्ध में 

चाहे रणखेत रह जाना 

हार कर रिपु से तुम प्रीतम 

लौट के ना आ जाना...


अमर सुहागन हूँ मैं साजन 

संबंध तो जन्मांतर का है 

चिंता देह की किसको 

प्रश्न आत्मिक अंतर का है..


शांति नहीं है यह 

सन्नाटा जो मरघट का है 

इच्छाकल्पित चिन्तन की 

वास्तविकता आज जतला दूँ...


झूठे साज बाजों से 

हुए है कान अब बहरे 

बजे दुंदुभी समर की अब 

खड़ग की धुन मैं सुन तो लूँ...

दावा : विजया

 

दावा...

+++

देखें है बहुतेरे 

जो संतुष्ट होने का 

दिखावा करते हैं

बात बेबात मगर 

पछतावा करते हैं,

नहीं जानते 

ख़ुद को भी अच्छे से 

मगर औरों को 

समझ जाने का 

दावा करते हैं....

अक्स

 

अक्स 

###

ऐसा ही अक्स कुछ देखता था मैं 

जब हाथ में हाथ लिए 

सड़क पार किया करते थे हम 

तुम्हें इमली, लपसी और हलुआ बेर पसंद थे 

तो मुझे गोंदपाक, लालमोहन और छुरपी

साझा ही ख़रीदते और खाते थे 

ज़्यादा हिस्सा होता था 

खाने में मेरा और खर्चने में तुम्हारा...


ना जाने कब फ्रॉक 

सुनहरी पट्टी वाली साड़ी में बदल जाती थी 

हरा मख़मली जंपर 

टीस्यू सिल्क की किरमची साड़ी 

कानों में झुमके 

गले में ख़ानदानी हार 

नाक में बाली 

आँखों में काजल 

अधरों पर लाली 

भाल पर बिंदी 

केशों को यूँ ही समेट कर लगाई 

गुलाबपत्तियों से बनी वेणी

गरिमा भरा आभामंडल 

गहनता के स्पंदन...


याद है ना 

बाबर महल* की दीवार पर लगी 

राजा रवि वर्मा की वह पेंटिंग

दिलों में बस गई थी 

तुम अपलक उसे देख रही थी 

और मैं तुम को

हम दोनों ही बिन बोले 

खुली आँखों से एक सपना देख रहे थे

इस बात से नितांत अपरिचित 

कि स्त्री-पुरुष प्रेम क्या होता है 

बस यही मालूम था और महसूस भी होता था 

साथ साथ जीना ही ज्यूँ सर्वोपरि 

यह एहसास तब भी था और आज भी है 

परिभाषाओं को जीते हुए भी उनसे परे भी...


कितने ही दशक का सफ़र 

कर आये हैं हम पूरा 

जारी है आज  भी 

साथ चलते रहने का यह ख़ुशगवार सफ़र 

सब कुछ का बदलते रहना कुदरतन है 

मगर इन सब के बीच 

ना बदली है तो एक सच्चाई 

बचपन, जवानी, मध्य वय, वरिष्ठता 

विपन्नता-संपन्नता, दूरियाँ-नज़दीकियाँ 

कभी ना रोक पाती है 

मुझे तुम में यह अक्स देखने से...


*नेपाल का राणा महल जो काठमांडू में बागमती नदी के उत्तर में स्थित है.