Wednesday, 7 August 2019

फ़र्क़ मर्द औरत का - खरी खरी : विजया

स्वांत: सुखाय
========

फ़र्क़ मर्द औरत का : खरी खरी
*************************
(सविता गुप्ताजी की कविता पर चिंतन और विमर्श से उपजी एक सहज रचना...सविताजी की कविता यहीं ग्रुप में  अन्यत्र शेयर की है मैं ने--https://www.facebook.com/groups/1564062830539926/permalink/2478678039078396/)

+++++++++++
सवाल हैं ये
पीछली पीढ़ी की
जीवन शैली के
किंतु सटीक है
कल के लिए भी
ज्वलंत है आज के लिए भी....

बड़ी विचित्र है यात्रा
इन सवालों की
स्वयं से पूछा जाय तो
हो सकती है
अनुभूति इनकी व्यर्थता की,
पूछा जाय अगर औरों से तो
द्योतक है हमारे ही
निर्बल स्वविश्वास के
या है यह कोई दुस्साहस भरा षड्यंत्र
स्वयं की कमज़ोरियों को ढाँपने हेतु
बहाने खोजने का....

सदियों से चली आयी
परिभाषाओं को
आज हम ही करने लगे हैं इस्तेमाल
अपने स्वार्थ पोषण हेतु....

माँग भरने की माँग
उनसे अधिक होती है हमारी
वैसे आजकल ये सब
बन कर रह गए हैं
महज़ फ़ैशन स्टेट्मेंट की महामारी.....

नर नारी मैत्री आज की नहीं
आदि काल ही हक़ीक़त है
द्रौपदी और कृष्ण की मित्रता
प्रतीक है
स्वस्थ संबंधों और परस्परता की,
है यदि कोई रिश्ता
परे वैचारिक संकीर्णता और द्वेष से
स्वीकार्य है अंतर्मन से जो स्वयं को
स्वीकारेंगे उसे कालांतर में
होंगे जो भी हृदयत: अपने,
शेष दुनिया के लिए होगा बस समझना
"क्या कहेंगे लोग
सब से बड़ा यह रोग...."

सौंदर्य है ईश्वर प्रदत्त उपहार
सजना संवरना रख रखाव भी है
ईश स्तुति तुल्य
नर और नारी दोनों के लिए,
होना अन्नपूर्णा मौलिक स्वभाव है स्त्री का
होना चाहिए हमें गर्व उस पर,
साझा शब्द होता है लागू दोनो पर
जो भी साझेदार करता नहीं सहयोग
वज़न उठाने में
कराना होता है हमें ही उसको
एहसास उसका,
नहीं बदल सकता
हमारा प्यार और तकरार यदि
फितरत उसकी
बदल सकते हैं ससम्मान
हम अपनी ही सोचों को
करते हुए पूर्ण सुरक्षा अपने स्वाभिमान की,
नहीं आते हैं यथेष्ट परिणाम तब भी
तो लेने होते हैं उचित कड़े निर्णय
करके सक्षम स्वयं को.....

सदियों का अनूकूलन और कुंठायें
हावी है हम स्त्रियों के दिलों और दीमागों पर
वजह यही तो है स्त्री के स्त्री के प्रति
प्रतिक्रियात्मक दुर्भाव की
जिसे देता रहा है है हवा
पुरुष प्रधान समाज
नाना प्रकार के निर्वचनों और प्रतिपादन से,
होशमंदी स्पष्टता और स्वीकार्यता
दिला सकती है निजात हमें
जलन और एहसासे कमतरी से,
कर सकती है दूर सभी छद्म विकारों को
जो नहीं है 'एकाधिकार' 🤣केवल स्त्रियों का
क्या नहीं पाई जाती ये सारी असंगतियाँ
पुरुष व्यवहार में भी ?

तलाशते हैं अवसर संसर्ग के
पुरुष और स्त्रियाँ दोनो ही,
जैविक सत्य भी जुड़ा है दोनों से एक सा
तोहमत लगा कर केवल मर्दों पर
करना साबित ख़ुद को दूध का धुला
है नितांत निराधार और असंगत...

स्वयं की नकारात्मक सोच
सतही संवेदनाएं
बनती है सबब स्वयं की घुटन का,
पीड़िता और शहीद दिखाने की फ़ितरत
वजह है असमंजस और छटपटाहट की
सम्भव है मुक्ति सर्वथा
स्वयं और पर की क़ैद से
अपनाएँ यदि स्त्री
रीति नीति समग्र सोचों की....

चले जाने की बात करते हो : विजया


चले जाने की बात करते हो...
++++++++++++++++

राज छुपाने की बात करते हो
किस बहाने की बात करते हो...

ज़िंदगी हो चली एक हक़ीक़त
क्यों फ़साने की बात करते हो...

ठहरे हो कब हर लम्हा मौ संग
यूं चले जाने की बात करते हो...

जीने लगे है खुद की तरह हम
फिर जमाने की बात करते हो...

लील लिया सब कुछ जिसने
उसे भूल जाने की बात करते हो...

ना वो शम्मा, ना तुम परवाना
जलने जलाने की बात करते हो...

नाकाफी क्या धड़कन दिल की
प्यार जताने की बात करते हो...

Monday, 22 July 2019

विदाई,,,,,


विदाई,,,,
#####
कहाँ हो पाता है
विदा पूरी तरह कोई
सत्य है या भ्रम
एक असमंजस ही तो है
विदाई,,,

शाश्वत सत्य  है
मिलना,बिछुड़ना फिर मिलना
जन्म जन्मांतर के सम्बन्धों का
अपरिहार्य प्रतीक है
विदाई,,,

जन्म के दौरान
और
मृत्यु से ठीक पूर्व
जुड़ाव का होकर सह प्रतिपक्ष
हो जाती है घटित
विदाई,,,

होने लगे प्रेम जहां
परिभाषित और विभाजित
दोनों दिखते किनारों से परे
होती है एक अदेखा किनारा
विदाई,,,

सबब है यह भक्ति का
खोले हो कर तिरोहित
द्वार परम मुक्ति का
मिलन का ही रूप है एक
विदाई,,,

Tuesday, 16 July 2019

ये दर्द मेरा लज़्ज़ते अरमान हो गया,,,,,



ये दर्द मेरा लज़्ज़ते अरमान हो गया,,,,
#############
अपना ही अक्स आईने में अनजान हो गया
खुद के ही घर में यारों मैं मेहमान हो गया,,,

ज़ख़्म दे रहा है राहत ख़ुशनुमा यादों की
ये दर्द मेरा लज्जते अरमान हो गया,,,

कहते थे मेरे अज़ीज़, जुदा यक शख़्स हूँ मैं
मेरा आम होना ही आज मेरी पहचान हो गया,,,

सीख लिया है सलीक़ा जज़्बात छुपा लेने का
दिले सदचाक मेरा दिले शादमान हो गया,,,

कहते रहे ग़ज़ल ख़ुद ही की वुसअत में
सफ़े रंजो ख़ुशी के जुड़े ,दीवान हो गया,,,,

(लज्जत=सुखद अनुभव, दिले सदचाक=भग्न हृदय, दिले शादमान=प्रसन्न हृदय,वुसअत=विस्तार, सफ़ा=पृष्ठ/पन्ना, रंज=दुःख, दीवान=ग़ज़लों का संग्रह)

कोंपल दर्द की,,,,,,: विजया


कोंपल दर्द की....
++++++++
नहीं भरता है वक़्त
घावों को,
ढाँप देता है बस उन्हें
एक लम्बी सी चादर से
देने को भुलावा
चोट के बिसर जाने का,
हो जाता है भ्रम
उस पीड़ा को भूल जाने का
गाड़ दिया गया होता है जिसे
किसी समझौते के तहत
बहुत गहरे में,
देख लो ना मगर
फूट आयी है आज
यह कोंपल दर्द की....

Monday, 1 July 2019

ना जैय्यो कोई क़रीब : विजया



ना जईय्यो कोई क़रीब !
+++++++++++++
चमचमाती नज़रें
तवस्सुम ललचाती सी
कहकहे हैं शैतानी
मनसूबे बेहद घिनौने
एक निगाह खोटी
छीन ले जो बहोत कुछ...

लबों पर अहद
ज़ेहन में है जद्दोजहद
हरदम अना है हावी
बन कर
शख़्सियत की चाबी
बेपरवाह है अंजाम से
गँवा दे जो सब कुछ...

हल्का ए नूर नक़ली
काले अंधेरे असली
मुस्कान के दिखावों में
छुपे हैं गुनाह कितने
इश्क़ कहूँ के फ़रेब
ना जईय्यो कोई क़रीब  !

(अना=अहम/ego, अहद=वादे/promises, हल्का ए नूर=चमक का गोल चक्कर/halo)

हर मौसम बाग़ में हमारे : विजया


हर मौसम बाग़ में हमारे...
+++++++++++
उग आए हैं बीज
जो निहाँ थे राज होकर
गहराई में तुम्हारी,
है लबों पर मुस्कान तुम्हारे
उदासी हैं मगर मर्कज़े चश्म में,
झाँकते हो तुम
जब जब मेरे आइना ए दिल में
मुड़ जाते हो बरबस
पाकर कोई अजनबी अपने ही अक्स में...

जानती हूँ मैं हाल
तुम्हारे हर पत्ते और  बूटे का
हर जुड़े और टूटे का,
सहलाते हुए हर चोट
समझाते हुए हर खोट
मिला कर क़दम से क़दम
खोजती रहती हूँ दिन रात
उन गुमशुदा गुलों को
जो खिला करते थे हर मौसम
हमारे बाग ए ज़िंदगानी में...

(निहाँ=छुपा हुआ, मर्कज़=केंद्र,चश्म=आंख)